दस साल से एक स्थान पर पदस्थ पुलिस अधिकारी मुश्किल में

 दस साल से एक स्थान पर पदस्थ पुलिस अधिकारी मुश्किल में

पुलिस मुख्यालय ने मांगी जानकारी
भोपाल। लोकायुक्त, ईओडब्ल्यू, पुलिस आयुक्त, पुलिस अधीक्षक और अन्य एजेंसियों में दस साल से अधिक समय से पदस्थ डीएसपी, इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर की जानकारी पुलिस मुख्यालय ने तलब की है। माना जा रहा है कि जानकारी मिलने के बाद इन अधिकारियों के मुश्किल बढ़ सकती है, इन्हें दूसरे जिलों में पदस्थ किया जा सकता है।
पुलिस मुख्यालय कार्मिक एक पत्र लोकायुक्त, ईओडब्ल्यू, जिला पुलिस अधीक्षकों और अन्य एजेंसियों को लिखा गया है। इस पत्र में उल्लेख किया गया है कि दस साल से अधिक की पदस्थापना पूरी कर चुके डीएसपी, इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टरों की जानकारी दी जाए। पत्र में लिखा है कि कई पुलिस अधिकारी लंबे समय से एक ही जिले में पदस्थ हैं, जिसके चलते उनके द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई किए जाने को लेकर कई बार प्रश्न उठते हैं। अतः ऐसे अधिकारियों की जानकारी तय प्रोफार्मा में भरकर दी जाए। पुलिस मुख्यालय द्वारा यह जानकारी सात दिनों में भेजने को कहा गया है। प्रोफार्मा में दस साल से ज्यादा समय से पदस्थ अधिकारियों के बारे में जानकारी मांगी है जिसमें उल्लेख किया है कि कब-कब कितनी अवधि में पदस्थ रहे। उसकी जानकारी, उसका पदनाम, वर्तमान में कहां पदस्थ हैं।