टल सकता हैं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का चुनाव

भोपाल। भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन का मामला फिलहाल टल सकता है। फरवरी में नए भाजपा अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो सकती है। दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह मामला टल सकता है। वहीं राज्य के मुख्यमंत्री डा मोहन यादव भी 27 जनवरी से विदेश यात्रा पर रहेंगे। इन कारणों को देखते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर मोहर फरवरी माह में लगने के आसार नजर आ रहे हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को लेकर माना जा रहा था कि जनवरी माह में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष का नाम तय हो जाएगा। मगर अब इसके आसार कम नजर आ रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव टाले जा सकते हैं। इसके पीछे दो प्रमुख वजहें हैं। पहला, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 27 जनवरी से 2 फरवरी तक विदेश यात्रा पर जा रहे हैं और दूसरा कारण दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा नेताओं की व्यस्तता है। इन दोनों कारणों से प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद, 5 फरवरी को वोटिंग होने के बाद शुरू की जा सकती है। भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की रायशुमारी में हिस्सा लेने वाले प्रदेश परिषद के सदस्यों की सूची दिल्ली के केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी है। इस सूची में 4 सांसद, 16 विधायक, हर विधानसभा से एक प्रतिनिधि, और दो-दो विधानसभाओं का एक क्लस्टर बनाकर प्रदेश परिषद के सदस्य बनाए गए हैं।
वर्तमान अध्यक्ष को कार्यकाल हो गया पूरा
भाजपा के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को 15 फरवरी 2020 को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था और अगले महीने 15 तारीख को उनका कार्यकाल पांच साल पूरा होगा। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल बढ़ाए जाने के बाद वीडी शर्मा का कार्यकाल भी बढ़ाया गया था। अब वीडी शर्मा के स्थान पर नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए आधा दर्जन नेता प्रयासरत हैं, हालांकि वीडी शर्मा भी दूसरे कार्यकाल के लिए पूरी तरह से सक्रिय हैं।