कांग्रेस की महू रैली में राजनीतिक भाषण पर लगाई रोक

 कांग्रेस की महू रैली में राजनीतिक भाषण पर लगाई रोक

सियासत हुई तेज, कांग्रेस ने कहा सरकार का तुगलकी फरमान
भोपाल। कांग्रेस द्वारा 27 जनवरी को बाबा साहेब अंबेडकर की जन्मस्थली महू की रैली में राजनीतिक भाषण पर प्रतिबंध लगाए जाने को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस नेताओं ने इंदौर जिला प्रशासन के आदेश को तुगलकी फरमान बताया है वहीं भाजपा ने पलटवार करते हुए जिला प्रशासन के आदेश का समर्थन किया है।
कांग्रेस नेताओं के महू रैली में राजनीतिक भाषण रोक पर कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने इंदौर जिला प्रशासन के आदेश तुगलकी फरमान बताया है। उन्होंने कहा कि ये आदेश दिखाता है सरकार संविधान विरोधी है। इन आदेशों से कांग्रेस डरने वाली नहीं है।कांग्रेस संविधान बचाने के लिए हमेशा लड़ती रहेगी। कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने जिला प्रशासन के आदेश को सही बताते हुए कहा कि कांग्रेस की रैली का नाम जय बापू, जय भीम, जय संविधान तो बाबा साहेब पर बात करेंगे। कांग्रेस मंच से संविधान पर बात करें लेकिन राजनीतिक रूप से कोसने का काम बाबा साहेब की जन्म भूमि से नहीं करे। नियम शर्तों के हिसाब से परमिशन दी जाती है और महू में भी ऐसे ही अनुमति दी गई है। कांग्रेस को खुद कहना चाहिए हम धर्म विरोधी और दूसरे राजनीतिक दलों के खिलाफ नहीं बोलेंगे।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने इस रैली के लिए इंदौर जिला प्रशासन ने अनुमति मांगी थी, जहां से उसे सशर्त अनुमति दी गई है। जिला प्रशासन ने  सभा में राजनीतिक भाषण पर प्रतिबंध दिया है। अनुमति में कहा गया कि- मंच से राजनीतिक और धर्म विरोधी भाषण नहीं होंगे।
रैली में शामिल होंगे राहुल, प्रियंका
मध्यप्रदेश कांग्रेस द्वारा 27 जनवरी को जय बापू, जय भीम, जय संविधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित बड़े नेता भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस अपनी राजनीति का फोकस संविधान निर्माता बाबा साहेब आंबेडकर पर केंद्रित करने जा रही है। अंबेडकर के मुद्दे पर संसद में लड़ाई लडऩे के बाद अब कांग्रेस सड़क पर लड़ाई लड़ने के लिए उतरी है। अंबेडकर के जन्म स्थल महू के इस कार्यक्रम के साथ ही कांग्रेस द्वारा संविधान बचाओ पदयात्रा भी शुरू की जाएगी। इस पदयात्रा को एक साल तक चलाया जाएगा। इस तरह से राजनीतिक मकसद से ही कांग्रेस द्वारा 27 जनवरी को महू का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में राहुल प्रियंका के अलावा कांग्रेस के तमाम दिग्गज शामिल होंगे।