उज्जैन सहित सभी धार्मिक नगरों में होगी  शराबबंदी

उज्जैन सहित सभी धार्मिक नगरों में होगी  शराबबंदी

मुख्यमंत्री ने कहा धार्मिक, सांस्कृतिक पर्यटन को दिया जाएगा बढ़ावा
भोपाल। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि सरकार धार्मिक नगरों में शराबबंदी करने को लेकर आगे कदम बढ़ा रही है। सरकार इस दिशा में धीरे-धीरे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हमारा संपूर्ण ध्यान धार्मिक, प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को प्रदेश में बढ़ावा देने पर है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज मंगलवार को उज्जैन की सिंधी कॉलोनी स्थित क्रांतिकारी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद हेमू कालाणी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस न पहुंचे इसके लिए उज्जैन सहित प्रदेश के अन्य धार्मिक नगरों में जल्द ही पूर्ण शराब बंदी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा संपूर्ण ध्यान धार्मिक, प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को प्रदेश में बढ़ावा देने पर है। इससे प्रदेशवासियों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और प्रदेश का चहुँमुखी विकास होगा।  मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अमर शहीद हेमू कॉलोनी का बलिदान दिवस है। उन्होंने मात्र 19 वर्ष की उम्र में स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हेमू कालाणी सहित अन्य क्रांतिकारियों के अथक प्रयासों से लगभग एक हजार साल का गुलामी का काल खत्म हुआ। हर शताब्दी में भारत माता की गोद में विदेशी आक्रंताओं से लड़ने वाले वीर शहीदों ने जन्म लेकर भारतीय संस्कृति की रक्षा कर जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी को चरितार्थ किया है। अंग्रेजी आक्रांताओं ने भारत से धन लूटा। हमारे अमर शहीदों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर अंग्रेजों को देश से भगाकर इस लूट को रोका था।
महेश्वर में कैबिनेट बैठक में लग सकती है मोहर
राज्य सरकार की अगली कैबिनेट बैठक भोपाल से बाहर महेश्वर में 24 जनवरी को होने वाली है। यह स्थान रानी अहिल्याबाई से जुड़ा हुआ है और उनकी 300वीं जयंती मनाई जा रही है। राज्य में भोपाल के बाहर यह तीसरी कैबिनेट बैठक है। इससे पहले जबलपुर में एक कैबिनेट बैठक हुई थी। बाद में दमोह के संग्रामपुर में भी एक कैबिनेट बैठक हुई थी। संभावना जताई जा रही है कि महेश्वर में होने वाली कैबिनेट बैठक में धार्मिक स्थलों पर शराबबंदी का फैसला हो सकता है।