गर्मी की आहट: साढ़े 37 डिग्री के साथ प्रदेश में चौथा सबसे गर्म सतना

सतना | सामान्य से करीब 6 डिग्री अधिक साढ़े 37 डिग्री तापमान के साथ मंगलवार को सतना शहर प्रदेश में चौथा सबसे गर्म शहर में सुमार रहा। रात को हल्की उमस और पंखों की शीतल हवा के साथ रात को सोये लोगों का स्वागत सुबह तीखी धूप से हुआ तो दोपहर में खुले में घूमने वाले लोगों को इस सीजन में पहली बार हवा में गर्माहट और लपटें महसूस हुईं। मौसम विभाग के अनुसार दिन का तापमान भी बढ़ोतरी के आसार हैं। हवा में नमी होने से उमस का अहसास भी होगा, लेकिन बुधवार को आसमान में छाये बादलों का घनत्व बढ़ेगा और 11 व 12 मार्च को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। इस दौरान खतरा ओलावृष्टि का भी है।

मौसम लगातार सामान्य से अधिक तापमान
मौसम के जानकारों की माने तो जम्मू कश्मीर से पश्चिमी विक्षोभ गुजर रहा है। इससे पंजाब में चक्रवातीय घेरा विकसित हो गया है। इस घेरे को अरब सागर से नमी मिल रही है। जिससे शहर का मौसम बदल गया। तापमान बढ़ने से दिन में उमस का अहसास हुआ। गर्मी बढ़ने से दिन में पंखे चलाने पड़े। मौसम में आए इस बदलाव से लोग हैरान रह गए। गर्मी ने दस्तक दे दी। स्थानीय मौसम केन्द्र के प्रभारी आरके श्रीवास्तव के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री रहा जो सामान्य से 5.8 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री पर था जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है। इस दौरान हवा में नमी सुबह 56 रही जो शाम को घटकर सिर्प 22 प्रतिशत रह गई।