जबलपुर सहित तीन जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले

जबलपुर सहित तीन जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले

इंदौर पुलिस कमिश्नर होंगे मुख्यमंत्री के नए ओएसडी
भोपाल। सरकार ने प्रदेश में पुलिस विभाग ने बड़ी सर्जरी करते हुए राज्य के तीन जिलों के पुलिस अधीक्षक और इंदौर के पुलिस कमिश्नर के तबादले किए है। आधी रात को बदले गए सात पुलिस अधिकारियों में मुख्यमंत्री के ओएसडी भी शामिल हैं।
गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री डा मोहन यादव के ओएसडी भी बदल दिए गए हैं। इंदौर के पुलिस कमिश्नर राकेश गुप्ता को मुख्यमंत्री के नए ओएसडी की जिम्मेदारी दी गई है, इससे पहले ओएसडी की जिम्मेदारी राजेश हिंगणकर निभा रहे थे, लेकिन वे 31 अक्टूबर को रिटायर होने वाले हैं। इसके अलावा जबलपुर, बड़वानी और देवास जिला पुलिस अधीक्षक बदले गए हैं। जबलपुर के पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह को पुलिस मुख्यालय भोपाल में भेजा गया है. वहीं उनकी जगह देवास के पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय को जबलपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसी तरह बड़वानी जिले के पुलिस अधीक्षक रहे पुनीत गहलोत को देवास जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। जबकि इंदौर के पुलिस उपायुक्त रहे जगदीश डाबर को अब बड़वानी जिले की कमान सौंप दी गई है। इसी तरह ग्वालियर के अपर परिवहन आयुक्त उमेश जोगा को उज्जैन जोन का अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बनाया गया है, जबकि उज्जैन के आईजी संतोष सिंह को इंदौर का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। खास बात यह है कि परिवहन के अपर आयुक्त रहे उमेश जोगा को अब मुख्यमंत्री डा मोहन यादव के गृह जिले में भेजा गया है।  ऐसा पहली बार हुआ जब उज्जैन में एडीजी स्तर के अधिकारी को भेजा गया है। वहीं पुलिस उपायुक्त (सूचना एवं सुरक्षा) नगरीय पुलिस इंदौर अंकित सोनी को वर्तमान कार्य के साथ-साथ पुलिस उपायुक्त मुख्यालय नगरी पुलिस इंदौर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इंदौर पर प्रशासनिक पकड़ रखना चाहते हैं मुख्यमंत्री
इंदौर मुख्यमंत्री डा मोहन यादव का प्रभार वाला जिला है। इस जिले पर वे अपनी प्रशासनिक पकड़ पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की भांति ही रखना चाहते हैं। इंदौर में भाजपा के दो मंत्री, आठ विधायक, एक लोकसभा सांसद और एक राज्यसभा सांसद होने के कारण प्रशासनिक अधिकारियों पर राजनीतिक दबाव बढ़ा हुआ रहता है। इसके चलते मुख्यमंत्री अपने हिसाब से यहां पर प्रशासनिक जमावट चाहते थे। इसके चलते ही उन्होंने पहले भोपाल कलेक्टर आशीष सिंह को इंदौर की कमान सौंपी और अब उज्जैन रेंज के आईजी संतोष सिंह को इंदौर का पुलिस कमिश्नर बनाया है।