चार शुभ मुहूर्त के साथ महाशिवरात्रि आज: निकलेगी बारात, चढ़ेगा महाप्रसाद

रीवा | शहर ही नहीं बल्कि देश भर में महाशिवरात्रि 11 मार्च को मनाई जा रही है। महाशिवरात्रि पर्व पर कई खास योग बन रहे हैं। इन चार शुभ मुहूर्त में अभिषेक कर भोलेनाथ को प्रसन्न किया जा सकता है। धर्म में महाशिवरात्रि का विशेष महत्व है। इस साल भोले बाबा का महापर्व महाशिवरात्रि 11 मार्च को फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशीयुक्त चतुर्दशी तिथि को मनाई जाएगी। पं. भूपेश शास्त्री के अनुसार इस दिन कई शुभ योग बन रहे हैं। महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने से व्यक्ति की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इस दिन शिवलिंग का पंचोपचार पूजन और रात्रि जागरण विशेष फलदायी होता है।  महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव की चार पहर की विशेष पूजा का महत्व है। निशि काल में पूजा 11 मार्च की रात 12 बजकर 15 मिनट से करीब एक बजे तक रहेगी। 

पूजा का मुहूर्त
दी गई जानकारी के अनुसार पूजा के मुहूर्त में प्रथम रात्रि पहर 11 मार्च  को, शाम साढ़े छह बजे से रात साढ़े नौ बजे तक, रात्रि द्वितीय पहर 11 मार्च रात साढ़े नौ बजे से साढ़े 12 बजे तक, रात्रि तृतीय पहर 11-12 मार्च  रात साढ़े 12 बजे से तीन बजकर 40 मिनट तक व शिवरात्रि पारण समय 12 मार्च सुबह साढ़े छह बजे से शाम तीन बजे तक रहेगा।

शिव पूजन और रुद्राभिषेक
महाशिवरात्रि पर शिवलिंग को गंगाजल, दूध, घी, शहद और शक्कर के मिश्रण से स्नान करवाया जाता है, फिर चंदन लगाकर फल-फूल, बेलपत्र, धतूरा, बेर इत्यादि अर्पित किए जाते हैं। कहा जाता है कि इस दिन रूद्राभिषेक से कई लाभ मिलते हैं। 

बुध ग्रह का राशि परिवर्तन
ज्योतिषाचार्य पंडित नरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने बताया कि जीवन में होने वाले परिवर्तनों के कारक बुध ग्रह महाशिवरात्रि को राशि परिवर्तन करेंगे। बुध ग्रह का मकर राशि से कुंभ राशि में गोचर होगा। 11 मार्च सुबह करीब 11 बजकर 40 मिनट से बुध ग्रह मार्गी होकर कुंभ राशि में प्रवेश करेंगे।

बैजू धर्मशाला से शुरू होगा आयोजन
महाशिवरात्रि के अवसर पर विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी भगवान भोलेनाथ की बरात व्यंकट रोड स्थित बैजू धर्मशाला से 11 मार्च को प्रात:काल 9 बजे शिव बारात जनकल्याण समिति द्वारा निकाली जावेगी। बैजू धर्मशाला से प्रारंभ होकर बारात व्यंकट मार्ग से होकर खन्ना चौराहा, स्टेच्यू चौराहा, सांई मंदिर, चक्रधर सिटी, रसिया मोहल्ला, शिल्पी प्लाजा, प्रकाश चौराहा, स्टेच्यू चौराहा, सिन्धी चौराहा, फोर्ट रोड होते हुए एसके स्कूल के पास से होते हुए पचमठा आश्रम पहुंचेगी जहां पर शिव पार्वती का विवाह कार्यक्रम विधि-विधान के साथ सम्पन्न होगा।

इस अवसर पर पचमठा आश्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ भण्डारा का आयोजन किया गया है।  शिव बरात में धर्म ध्वजा, शहनाई, कलश लेकर एक्कीस महिलायें, हाथी, घोड़ा, ऊंट, बग्घी, धमाल, मैहर का काली नृत्य, उज्जैन के महाकाल की भव्य पालकी, बारह ज्योर्तिलिंग की झांकी, श्रीराम दरबार की झांकी, वृन्दावन के राधा कृष्ण की झांकी, शिव परिवार की झांकी, विष्णु अवतार की झांकी, चलित आर्क्रेष्ट्रा मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहेगा। वहीं पचमठा में राधिकेश म्यूजिकल ग्रुप द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जावेगा। साथ ही जबलपुर की प्रसिद्ध भजन गायिका आरती मिश्रा एवं अरुणमणि  जूनियर लख्खा अपनी संगीतमयी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा  गंगा अवतरण की झांकी, मां काली एवं भोलेनाथ का ताण्डव नृत्य, महारास डांडिया नृत्य, फूलों की होली, लट्ठमार होली एवं मयूर नृत्य तथा हनुमानजी का सिंदूरी स्वरूप मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहेगा।

उक्त जानकारी शिव बारात आयोजन समिति के मनीष गुप्ता, कमलेश अग्रवाल, प्रतीक मिश्रा, सुरेश विश्नोई, प्रतीक पाण्डेय, राजेन्द्र निगम, संजय श्रीवास्तव, अनिल केसरी,  सुशील वर्मा, सुमित गुप्ता, सुनील अग्रवाल, विनय सिंह, अजय ताम्रकार, ओम प्रकाश मिश्रा गुरू, विनोद गुप्ता, लवकुश गुप्ता तथा कृष्णा सोनी ने संयुक्त रूप से देते हुए सभी से सहभागी बनने की अपेक्षा की है।

भगवान शिव को लगेगा 125 किलो हलवा का भोग
महाशिवरात्रि पर गुरुवार को कोठी कंपाउंड स्थित मनकामेश्वर नाथ शिव मंदिर में शिवअर्चन एवं अभिषेक के पश्चात 125 किलो के हलवा महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। अखिल भारतीय ज्योतिष वास्तु एसोसिएशन प्रदेश इकाई एवं सार्इं संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को सायंकाल 3 बजे से कोठी कंपाउंड स्थित शिव मंदिर में अभिषेक, शिव अर्चन एवं मंत्र पुष्पांजलि के साथ शांति पाठ का आयोजन किया जाएगा।

तत संबंध में जानकारी देते हुए ज्योतिष वास्तु एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश साहनी ने बताया कि इस वर्ष की महाशिवरात्रि कई दुर्लभ संयोग में हो रही है, जो  शिव भक्तों के लिए शिव कृपा प्राप्त करने के साथ-साथ  अनिष्ट ग्रहों की शांति का भी शुभ मुहूर्त रहेगा। आज के शुभ मुहूर्त में शिव मन्दिर कोठी कंपाउंड में पूजन के पश्चात नगर की सुख समृद्धि एवं शांति की कामनाओं को लेकर सायंकाल 4 बजे भोलेनाथ को 125 किलो हलवा का प्रसाद अर्पित करते हुए मंदिर के प्रांगण में ही श्रद्धालुओं के मध्य वितरित किया जाएग। एसोसिएशन के पदाधिकारियों अजय धमीजा, अनिल त्रिपाठी, विवेक महेंद्रा, अतुल मिश्रा, विवेक महेंद्रा, रजनीश पांडे, विवेक व्यास, गुड्डु मिश्र, अजय पांडे, यूडी सिंह, जय नागवानी, नरेंद्र ठारवानी, सन्नी चांदवानी आदि ने सभी नगर वासियों से सामूहिक शिवपूजन  के पश्चात प्रसाद ग्रहण करने की अपेक्षा की है।