नए साल में मुख्यमंत्री शुरू करेंगे जनता दरबार

नागरिकों से मुलाकात कर सुनेंगे समस्याएं
भोपाल। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव नए साल में जनता से जुड़ने और उनकी समस्याओं से अवगत होने के लिए जनता दरबार लगाने की तैयारी कर रहे हैं। वे इसके तहत सीधे लोगों से बातचीत करेंगे और समस्याओं का समाधान करेंगे।
मुख्यमंत्री डा मोहन यादव नए साल में जनता को जनता दरबार का तोहफा दे सकते हैं। मुख्यमंत्री सचिवालय में इसकी तैयारियां चल रही है। अधिकारियों ने इसका खाका तैयार किया है। बताया जा रहा है कि जनता दरबार के जरिए मुख्यमंत्री लोगों से बातचीत करेंगे और उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारी इसके लिए खाका तैयार कर रहे हैं। अधिकारियों की तैयारी है कि नए साल के पहले महीने जनवरी माह से ही जनता दरबार ष्शुरू किया जाए। इससे मुख्यमंत्री का प्रदेश की जनता से सीधा जुड़ाव होगा और नागरिक अपनी समस्या भी खुलकर रख सकेंगे। बताया जा रह है कि जनता दरबार में जब यादव समस्याएं सुनेंगे तो अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे, ताकि समस्याओं का तुरंत समाधान हो सके।
उमा ने शुरू किया था जनदर्शन
गौरतलब है कि वर्तमान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने जनसुनवाई की शुरुआत की थी। राज्य के अधिकारी अब भी हर मंगलवार को जनसुनवाई करते हैं। जनसुनवाई में लोग अपनी समस्या लेकर सीधे कलेक्टर स्तर के अधिकारियों के पास जा सकते हैं। इसके अलावा समाधान ऑनलाइन के माध्यम से भी लोगों की समस्याएं सुनी जाती हैं। ऐसा काफी समय बाद हो रहा है कि मुख्यमंत्री लोगों से बातचीत करने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए तैयार हैं। चौहान के पहले उमा भारती के मुख्यमंत्री रहते जनदर्शन कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी। वे सीधे लोगों से मिलती थीं। भारी भीड़ के कारण कार्यक्रम रोक दिया गया था।