प्रदेश को जल्द मिलेगा नौवां टाइगर रिजर्व, केन्द्र की स्वीकृति का इंतजार

इस आशय की जानकारी खुद मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने दी है। उन्होंने बताया कि नए टाइगर रिजर्व के बाद चंबल अंचल में भी वन्यजीवों की समृद्धि बढ़ेगी। इसके बाद देश भर में सबसे अधिक टाइगर रिजर्व वाले राज्यों की कैटेगरी में शामिल मध्यप्रदेश में एक और टाइगर रिजर्व बढ़ जाएगा। बुधवार को श्योपुर जिले के कूनो अभयारण्य से चीतों को खुले जंगल में छोड़ने के बाद डा यादव ने आज गुरूवार को कहा कि वन्यजीव संरक्षण में मध्यप्रदेश नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। माधव टाइगर अभयारण्य जल्द ही राज्य का नौवां टाइगर रिजर्व बनेगा। इससे चंबल अंचल में वन्यजीवों की समृद्धि बढ़ेगी। कूनो नेशनल पार्क से अभी तक 7 चीतों को जंगल में स्वछंद विचरण के लिये छोड़ा गया है। कूनो में वीरा के 2 नए शावकों को मिलाकर कुल 26 चीते हो गये हैं। इन चीतों की मॉनिटरिंग के लिये 2 दल गठित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री बुधवार को चीतों को छोड़ने के बाद कहा था कि कभी एशिया महाद्वीप से विलुप्त हो चुके चीते आज मध्यप्रदेश की पावन धरा पर रफ्तार भर रहे हैं और अपना कुनबा भी बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “जीव चराचर जंतु समाना’’ की भावना वाले मध्यप्रदेश की धरा अद्भुत है, जो वन्य-जीवों की आश्रय-स्थली बन गई और कई विलुप्तप्राय वन्य-प्राणियों की अठखेलियों का आंगन है।