सैन्यकर्मी हेल्पडेस्क में सुनी जाएंगी सेवानिवृत्त सैनिकों की शिकायतें

भोपाल। सेना से सेवानिवृत्त हुए सैन्य कर्मियों की शिकायतें सुनने के लिए पुलिस मुख्यालय में सैन्यकर्मी हेल्पडेस्क की स्थापना की गई है। इस हेल्पडेस्क में सैन्यकर्मी और उनके परिजन अपनी शिकायत कर सकेंगे, जिनका निराकरण करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
पुलिस मुख्यालय में सेवानिवृत्त सैन्य कर्मियों की शिकायत भी सुनी जाती रही है। इसके लिए अब सैन्यकर्मी हेल्पडेस्क की स्थापना भी मध्यप्रदेश पुलिस ने की है। इस हेल्पडेस्क में सैन्य कर्मियों, उनके परिजनों, सेवानिवृत्त सैन्य कर्मी एवं सैन्य कर्मियों की विधवाओं की शिकायतों के निराकरण किया जाएगा। सैन्य कर्मियों व उनके परिजनों से संबंधित अब तक प्राप्त कुल 120 आवेदनों में से 112 आवेदनों पर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही कर संतुष्टि पूर्वक निराकरण कराया जा चुका है। शेष शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही हेतु दिनेश चंद सागर, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (शिकायत, मानवाधिकार) ने आयुक्त, भोपाल, इंदौर एवं जोनल पुलिस महानिरीक्षकों को अवगत कराया है कि सैन्य कर्मियों व उनके परिजनों से संबंधित शिकायतों पर त्वरित वैधानिक कार्यवाही हेतु अपने अधीनस्थ उपायुक्त, जिला पुलिस अधीक्षकों को समुचित निर्देश जारी करें।
शुक्ला को बनाया नोडल अधिकारी
गौरतलब है कि सैन्य कर्मियों की मुख्यतः राजस्व एवं पुलिस विषयक शिकायतें होती है। जहां तक पुलिस संबंधी मामलों का प्रश्न है सैन्य कर्मियों की शिकायतों के निदान व हेड क्वार्टर, पश्चिम मध्यप्रदेश, सब एरिया, भोपाल से समन्वय हेतु शशिकांत शुक्ला, सहायक पुलिस महानिरीक्षक(शिकायत) को नोडल अधिकारी एवं उनकी सहायतार्थ फरीदा सुल्तान, सहायक उप निरीक्षक को नियुक्त किया गया है। कर्नल बी एस छिकारा, हेड क्वार्टर, पश्चिम मध्यप्रदेश, सब एरिया, भोपाल के अनुरोध पर डीजीपी, एमपी द्वारा वर्ष 2022 में पुलिस मुख्यालय, भोपाल में सैन्यकर्मी हेल्प डेस्क की स्थापना की गई।