दिव्य विचार: जैसी वृत्ति होगी वैसा आपका जीवन होगा- मुनिश्री प्रमाण सागर जी महाराज

दिव्य विचार: जैसी वृत्ति होगी वैसा आपका जीवन होगा- मुनिश्री प्रमाण सागर जी महाराज

मुनिश्री प्रमाण सागर जी कहते हैं कि हमारी मनोवृत्ति के यही दो पक्ष हैं। जैसे माह में दो पक्ष होते हैं शुक्ल पक्ष और कृष्ण पक्ष। शुक्ल पक्ष में चंद्रमा की कलायें दिनोंदिन बढ़ती हैं और अपनी निर्मल ज्योत्सना से पूरी पृथ्वी को रोशन कर देती हैं और कृष्ण पक्ष में चन्द्रमा की कलायें दिनोंदिन क्षीण होती हुई अमावस्या की रात्रि में काली रात के रूप में परिणत ही जाती हैं। माह में जैसे शुक्ल पक्ष और कृष्ण पक्ष हैं, वैसे ही ये दो पक्ष हमारे जीवन के भी हैं, हमारी चित्तवृत्ति के भी हैं। हमारे भीतर में एक कृष्ण पक्ष है वहीं हमारे भीतर में एक शुक्ल पक्ष भी है। हमारे भीतर का जो नकारात्मक पक्ष है, वह सब हमारे भीतर का कृष्ण पक्ष है। मन में क्रोध, ईष्या, चिन्ता, विद्वेष, वैमनस्य, हिंसा, क्रूरता आदि जितनी नकारात्मक वृत्तियां हैं, ये सब हमारे चित्त के कृष्ण पक्ष हैं, जो दिनोंदिन हमारे आत्म गुणों को क्षीण करते हुये हमारी जिन्दगी में कालुष्य भरते हैं, पाप का कलंक भरते हैं। इसके विपरीत क्षमा, प्रेम, आत्मीयता, विनय, सद्भाव, दया, करुणा, अहिंसा आदि की जितनी भी सकारात्मक भावनायें हैं, वे सब हमारे चित्त के शुक्ल पक्ष हैं, जो हमारे आत्मगुणों को प्रकट करके हमारी चेतना को रोशन करते हैं, हमारे जीवन को प्रकाशित करते हैं, हमारे अंतस में प्रकाश भरते हैं। संत कहते हैं कि ये तुम्हारे ऊपर है कि तुम अपने भीतर की किस वृत्ति को प्रधानता देते हो, अपने भीतर की चित्तवृत्ति को समझो। जिस तरह की वृत्ति तुम्हारे भीतर प्रवाहित होगी, तुम्हारा संपूर्ण जीवन वैसा बनेगा। मनुष्य का जीवन मनुष्य के मन पर निर्भर है। ऐसा कहा जाता है कि मनुष्य मनु की संतान है। मुझे नहीं पता कि किस की है? जैसा हमारा मन, जैसी हमारी विचारधारा, वैसा संपूर्ण जीवन बनता है। हम अपने चित्त की धारा को जिस ओर प्रवाहित करते हैं, जिस दशा में आगे बढ़ाते हैं, हमारा संपूर्ण जीवन वैसा ही बनता है। शास्त्रकारों ने मनुष्य शब्द की व्युत्पत्ति करते हुये कहा है कि मनसा उत्कटाः मानवाः जो मन से जितना समृद्ध और परिपक्व है वह मनुष्य है।