दिव्य विचार: अपने जीवन को आनंदपूर्ण बनाओ- मुनिश्री प्रमाण सागर जी महाराज

दिव्य विचार: अपने जीवन को आनंदपूर्ण बनाओ- मुनिश्री प्रमाण सागर जी महाराज

मुनिश्री प्रमाण सागर जी कहते हैं कि एक व्यक्ति अपने घर की सफाई में लगा हुआ था। अचानक उसकी दृष्टि एक ऐसी वस्तु पर पड़ी, जिसके विषय में वह कुछ खास नहीं जानता था। उसे कुल इतना ही पता था कि उसके पिता कहा करते थे कि बेटे यह बड़े काम की चीज है, इसे सम्भाल कर रखना और जब भी उसने अपने पिता से पूछा कि यह किस काम की चीज है तो उसके पिता उससे यही बोलते थे कि मुझको नहीं पता पर मेरे पिता कहा करते थे कि यह बड़े काम की चीज है, इसे सम्भाल कर रखना। वर्षों से वह चीज उसके घर में पड़ी हुई थी लेकिन आज उसका मन परम्परा के प्रति बगावत के भाव से भर उठा और उसने सोचा कि पता नहीं क्यों पुराने लोग व्यर्थ में अपना बहुत सारा समय और शक्ति ऐसी चीज के लिये बर्बाद करते हैं जो लंबा चौड़ा स्थान घेरती है, इसका क्या उपयोग? और इसी मनोभाव से प्रेरित होकर उसने उसे उठाया और कचरे के ढेर में फेंक दिया। थोड़ी देर बाद किसी राहगीर की दृष्टि उस वस्तु पर पड़ी, वह उसके नजदीक पहुंचा और उसे उठाया, उसे उलट- पुलट कर देखा तो वह एक वीणा थी, जिसके तार टूटे हुये थे। उसने तार से तार मिलाये और अपनी उंगलियों का स्पंदन जब उसमें दिया तो उसमें से मधुर संगीत प्रस्फुटित हो उठा, वह हर्ष से झूम उठा। बंधुओं संत कहते हैं कि हमारा जीवन भी इसी वीणा की भांति है, पर वीणा का लाभ और वीणा का उपयोग केवल वही कर सकते हैं जो वीणा को पहचानते हैं। जो अपनी जीवन वीणा को पहचान लेते हैं, उनका जीवन संगीत है और जो इसे नहीं जानते, उनका जीवन सिर दर्द है। ये हमारे ऊपर है कि हम अपने जीवन में संगीत का रस प्रकट करते हैं या सारी जिंदगी को सिर दर्द की तरह जीने के लिये मजबूर हो जाते हैं। दुनिया में दोनों तरह के लोग हैं। कुछ लोग हैं जो जीवन का वास्तविक लाभ उठाते हैं रस लेते हैं, अपने जीवन को आनंद की यात्रा बना डालते हैं और बहुत से ऐसे लोग भी हैं जो जीवन जीते हैं, बस जिये चले जाते हैं, उनकी जिन्दगी में उपलब्धि जैसा कुछ भी घटित नहीं होता, वे अपने जीवन के सार तत्व को प्राप्त नहीं कर सकते ।