जाति और वर्ग भेद से मुक्त थी गुरुकुल की परंपरा

मुख्यमंत्री ने 89 हजार 710 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए जमा कराए 224 करोड़ रूपए
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत में विद्यमान गुरुकुल परंपरा जातियों और वर्ग भेद से मुक्त थी। सभी को समान रूप से सभी व्यवस्थाओं के लिए अधिकार देकर और प्रतिभाओं को निखार कर भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार किया जाता था। इसी की निरंतरता में आज प्रदान किया जा रहे लैपटॉप से विद्यार्थियों को अध्ययन तकनीक का उपयोग करते हुए ज्ञानार्जन और कौशल विकास में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री डा यादव ने यह बात आज राजधानी के प्रशासन अकादमी में प्रदेश के 89 हजार 710 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप लेने के लिए 224 करोड़ की राशि अंतरित करते हुए कही। उन्होंने सिंगल क्लिक से विद्यार्थियों के खातों में राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों से कहा कि उन्हें उपलब्ध कराई जा रही 25-25 हजार रूपए राशि का उपयोग लैपटॉप क्रय में ही किया जाए। विद्यार्थी अपनी पसंद के अनुसार, अपनी इच्छानुसार स्थान से लैपटॉप लें और लैपटॉप खरीदने की रसीद अपनी शाला में आवश्यक रूप से जमा कराएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों में आगे बढ़ने के और नवाचार करने के लिए आत्मविश्वास विकसित होगा। मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिवादन करते हुए कहा कि यह सब उनकी सोच के परिणाम स्वरुप ही संभव हो रहा है। मुख्यमंत्री ने इसराइल का उदाहरण देते हुए कहा कि अपने आसपास विद्यमान चुनौतियों का सामना करने के लिए वर्तमान परिस्थितियों में अद्यतन तकनीक के साथ चलना आवश्यक है। अपने देश के हितों की सुरक्षा और जन-जन के कल्याण के लिए तकनीकी रूप से दक्ष होना जरूरी है।
मेधावी होने के साथ देशभक्त होना जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व का विशालतम और श्रेष्ठतम लोकतंत्र भारत है। यह लोकतांत्रिक गणतंत्र लंबे संघर्ष के परिणाम स्वरूप स्थापित हुआ है। पृथ्वीराज चौहान, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी, चंद्रशेखर आजाद, शहीदे आजम भगत सिंह, नेताजी सुभाष चंद्र बोस का देश निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जीवन यह बताता है कि मेधावी होने के साथ-साथ देशभक्त होना जरूरी है। नेताजी ने अपनी मेधा के बल पर भारतीय प्रतिभा की प्रावीणयता को संपूर्ण विश्व में स्थापित किया और भारतीयों का आत्मविश्वास बढ़ाया।
प्रतिभावान विद्यार्थियों से किया संवाद
मुख्यमंत्री ने प्रतिभावान विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें प्रोत्साहित किया। इस क्रम में नरसिंहपुर की कुमारी गीता लोधी, भोपाल के प्रशांत राजपूत, मुरैना की कुमारी स्नेहा त्यागी, राजगढ़ के जयंत यादव, दमोह हटा की कुमारी मोनिका साहू, सिवनी की कुमार एलिहा नाज़, राजगढ़ की कुमारी ज्योति प्रजापति, भोपाल के पुष्पेन्द्र राजपूत से संवाद किया।